लखनऊ-दुबई फ्लाइट टेकऑफ से पहले रद्द:- चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बुधवार सुबह लखनऊ से दुबई जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX-193 टेकऑफ से ठीक पहले रद्द कर दी गई। विमान में 160 यात्री सवार थे और बोर्डिंग की सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी थीं।

फ्लाइट को सुबह 8:45 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर दोपहर 11:35 बजे दुबई पहुंचना था। इंजन स्टार्ट हो चुका था और विमान उड़ान के लिए तैयार खड़ा था। इसी बीच पायलट को तकनीकी खामी की आशंका हुई। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया।

तकनीकी जांच और यात्रियों में नाराज़गी

पायलट की सूचना पर इंजीनियरिंग टीम को तत्काल जांच के लिए बुलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। अंततः फ्लाइट को रद्द करने का निर्णय लिया गया। इस फैसले से यात्रियों में नाराजगी देखी गई, हालांकि एयरलाइन प्रबंधन ने उन्हें शांत करने की भरसक कोशिश की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ यात्रियों को पास के होटलों में ठहराया गया है और उन्हें अगली उड़ान से दुबई भेजने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, जिन यात्रियों ने यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया, उन्हें किराया वापस किया गया।

ये भी पढ़ें:- AAIB Report टेक-ऑफ के तुरंत बाद फ्यूल सप्लाई बंद, 29 सेकंड में क्रैश – शुरुआती जांच में बड़ा

संभावित खतरे से बचाव

सूत्रों के अनुसार, यदि पायलट समय रहते तकनीकी गड़बड़ी को महसूस नहीं करते, तो गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। शाम तक इंजीनियरों की टीम विमान में आई गड़बड़ी को ठीक करने में जुटी रही।

एयर इंडिया के विमानों में हाल के दिनों में तकनीकी खामियों की बढ़ती घटनाओं ने विमानन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि पायलट की सतर्कता और निर्णय क्षमता यात्रियों की सुरक्षा में कितनी अहम भूमिका निभाती है।