Noida:- एक टीवी न्यूज डिबेट के दौरान डिंपल यादव पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो में हाथ उठा दिया। यह घटना नोएडा के सेक्टर-126 स्थित एक निजी न्यूज चैनल के स्टूडियो में हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।

डिबेट शो में दिया था विवादित बयान

मौलाना रशीदी ने टीवी डिबेट के दौरान सपा सांसद डिंपल यादव के मस्जिद में जाने के दौरान पहनावे को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि डिंपल यादव ने मस्जिद में बिना सिर ढके बैठक में हिस्सा लिया, जिसे उन्होंने इस्लामी मर्यादाओं के खिलाफ बताया। इस टिप्पणी के बाद सपा समर्थकों में रोष फैल गया।

सपा कार्यकर्ताओं ने स्टूडियो में की मारपीट

घटना के दौरान नोएडा स्थित स्टूडियो में मौजूद सपा कार्यकर्ता मोहित नागर और उनके साथियों ने मौलाना रशीदी पर हाथ उठा दिया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।

मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ लखनऊ के विभूतिखंड थाने में पहले से ही मामला दर्ज है। यह केस सपा नेता प्रवेश यादव की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 79, 196, 197, 299, 352, 353 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब नोएडा में हुई घटना की भी जांच कर रही है।

सियासी घमासान तेज

इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। भाजपा ने इसे महिला अपमान से जोड़ते हुए समाजवादी पार्टी को कटघरे में खड़ा किया है। वहीं, सपा ने आरोप लगाया कि यह सब बीजेपी की एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। डिंपल यादव ने बयान देते हुए कहा कि भाजपा को मणिपुर जैसे गंभीर मामलों पर भी उतनी ही संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

यह भी पड़े:- 12 बिस्वा जमीन के लिए बेटे ने की मां, बाप और बहन की कुल्हाड़ी से हत्या

मौलाना ने नहीं ली बात वापस

मौलाना साजिद रशीदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने जो कहा, वह इस्लामी मान्यताओं के अनुसार था और वह अपने बयान पर कायम हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन दोनों ही सतर्क हैं।