लश्कर की बड़ी साजिश नाकाम: राजधानी दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते पूरी तरह नाकाम कर दिया गया। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करीब 10 दिनों तक चले गुप्त ऑपरेशन के बाद एक आतंकी मॉड्यूल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस ने कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 7 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।

आपको बता दें जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह मॉड्यूल भारत में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। गिरफ्तार हुए आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, रेकी के वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद हुई है, जो संभावित हमले की ओर इशारा करती है।
पोस्टर से शुरू हुई जांच
आपको बता दें इस पूरे मामले का खुलासा 7 और 8 फरवरी को हुए एक घटनाक्रम के बाद हुआ। दिल्ली और कोलकाता के कई मेट्रो स्टेशनों पर “फ्री कश्मीर” और “कश्मीर में जेनोसाइड बंद करो” जैसे पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टर सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और स्पेशल सेल ने जांच शुरू की।
इस जांच की पहली कड़ी पश्चिम बंगाल के मालदा से जुड़ी, जहां से उमर फारूक और रोबिल उल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया। इनके मोबाइल फोन की जांच करने और पूछताछ के दौरान पुलिस को तमिलनाडु में छिपे अन्य साथियों की जानकारी मिली।
तमिलनाडु में बड़ी कार्रवाई
इसके बाद दिल्ली पुलिस टीम ने तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में छापेमारी की। उथुकुली से 2, पल्लडम से 3 और तिरुमुरुगनपूंडी से 1 संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया है कि ये सभी लोग गारमेंट यूनिट्स में काम कर रहे थे और फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
यह भी पढ़ें : बांग्लादेश में हिंदू दुकानदार की मौत, पेट्रोल डालकर जलाने की घटना से फैली सनसनी
बांग्लादेश और पाकिस्तान कनेक्शन
आपको बता दें प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस आतंकी मॉड्यूल को बांग्लादेश से हैंडल किया जा रहा था। शब्बीर अहमद लोन नाम का एक व्यक्ति इन्हें निर्देश दे रहा था। बताया जा रहा है कि वह पहले भी भारत में आतंकी साजिश के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और सजा पूरी करने के बाद देश छोड़कर चला गया था। बाद में उसने दोबारा संगठन से संपर्क बना लिया।
सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है, उसका नेटवर्क पाकिस्तान से भी जुड़ा हुआ है। एक अन्य बांग्लादेशी हैंडलर सैदुल इस्लाम के संपर्क में भी आरोपी बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल किसी अन्य देश में मौजूद है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में एक ही परिवार के 17 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, निर्वासन की कार्रवाई शुरू
रेकी वीडियो और हमले की तैयारी
इन गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मोबाइल फोन से कई स्थानों की रेकी के वीडियो और तस्वीरें बरामद हुई हैं। आपको बता दें कुछ वीडियो में हथियार जुटाने की कोशिश के संकेत भी मिले हैं। खुफिया एजेंसियों को पहले से इनपुट था कि भारत में बड़े हमले की योजना बनाई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।

ऑपरेशन अभी जारी
आपको बता दें स्पेशल सेल का ऑपरेशन अभी भी जारी है। कुछ संदिग्ध फरार बताए जा रहे हैं और अलग-अलग राज्यों में छापेमारी चल रही है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को दिल्ली लाकर पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियां फंडिंग, विदेशी कनेक्शन और संभावित टारगेट की गहराई से जांच कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
