कैप्टन शुभांशु शुक्ला का मिशन सकुशल पूरा:- भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और लखनऊ निवासी शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से सकुशल वापसी कर ली है और इन्होने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है उनका स्पेसक्राफ्ट मंगलवार को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया तट पर दोपहर लगभग तीन बजे सुरक्षित लैंड हुआ। इस पल को देखकर उनके माता-पिता की आंखें नम हो गईं।

लखनऊ स्थित सीएमएस स्कूल में इस ऐतिहासिक लम्हे को लाइव देखने की व्यवस्था की गई थी, जहां शुभांशु के परिवार सहित कई लोगों ने यह दृश्य देखा। जैसे ही लैंडिंग की पुष्टि हुई, घर में खुशियों की लहर दौड़ गई।
मां आशा शुक्ला ने कहा, “यह हमारे जीवन का सबसे गर्व भरा पल है। ईश्वर का शुक्रिया कि उन्होंने उसे सुरक्षित वापस भेजा। उस क्षण को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। लैंडिंग के वक्त थोड़ा डर जरूर लगा, लेकिन जैसे ही खबर मिली कि वह सुरक्षित है, सब कुछ ठीक हो गया।
पिता शंभू दयाल शुक्ला भी इस मौके पर बेहद भावुक नज़र आए। उन्होंने कहा, “हमने अपने बेटे को देश और विज्ञान की सेवा करते देखा है। अब उसका अंतरिक्ष से लौटना पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
बहन शुचि मिश्रा ने उत्साहित होकर कहा, “उनकी वापसी सिर्फ हमारे परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। हम बहुत खुश और उत्साहित हैं।
इस सफलता ने न सिर्फ एक परिवार को गर्व से भर दिया, बल्कि भारत के अंतरिक्ष मिशनों की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।