दिल्ली वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 मार्च को दिल्ली में करीब 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाले हैं। आपको बता दें इन परियोजनाओं में दिल्ली मेट्रो का विस्तार, सरकारी आवासीय कॉलोनियों का पुनर्विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण शामिल है।

इन महत्वपूर्ण योजनाओं का मुख्य उद्देश्य है राजधानी में बेहतर कनेक्टिविटी लाना, आधुनिक सुविधाएं और सरकारी कर्मचारियों के लिए बेहतर आवास उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में शामिल होंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
आपको बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12 बजे आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इन परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और इस ख़ास मौके पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार आपको बता दें कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी सरोजिनी नगर स्थित जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) टाइप-5 क्वार्टरों का दौरा करेंगे। यहां वे नई आवासीय इकाइयों का निरीक्षण करेंगे और महिला लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपेंगे।
दिल्ली मेट्रो के नए कॉरिडोर से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
शुरू होने जा रही इन परियोजनाओं का बड़ा हिस्सा दिल्ली मेट्रो के विस्तार से जुड़ा हुआ है। लगभग 18,300 करोड़ रुपये की लागत से मेट्रो से संबंधित परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी कल दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।
पहला कॉरिडोर मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक है, जो पिंक लाइन का हिस्सा है और इसकी लंबाई करीब 12.3 किलोमीटर है। दूसरा कॉरिडोर दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक मैजेंटा लाइन पर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा है।
आपको बता दें इन नए मेट्रो मार्गों के शुरू होने से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क जैसे कई इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों का समय भी बचेगा और ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
दिल्ली मेट्रो फेज-5ए के तहत तीन नए कॉरिडोर की नींव
प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए विस्तार के तहत तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। इनकी कुल लंबाई लगभग 16.10 किलोमीटर होगी।
इन प्रस्तावित कॉरिडोर में शामिल हैं:
- आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ
- एयरोसिटी से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल-1
- तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज
इन नए मेट्रो मार्गों से दिल्ली के कई महत्वपूर्ण इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही नोएडा, दक्षिण दिल्ली और एयरपोर्ट के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
सरकारी आवासीय कॉलोनियों का बड़े पैमाने पर पुनर्विकास
इन मेट्रो परियोजनाओं के अलावा प्रधानमंत्री लगभग 15,200 करोड़ रुपये की लागत से जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) पुनर्विकास योजना से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
यह परियोजनाएं सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसी प्रमुख सरकारी कॉलोनियों में चल रही हैं।
इन कॉलोनियों के पुनर्विकास का उद्देश्य पुराने सरकारी मकानों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए आवासीय परिसरों में बदलना है। इसके साथ ही यहां आधुनिक प्रशासनिक कार्यालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है।
आत्मनिर्भर वित्तीय मॉडल से हो रहा है पुनर्विकास
शुरू की जा रही इन परियोजनाओं की खास बात यह है कि इन्हें एक अभिनव आत्मनिर्भर वित्तीय मॉडल के तहत विकसित किया जा रहा है। इस मॉडल का उद्देश्य सरकारी खजाने पर अतिरिक्त बोझ डाले बिना इन परियोजनाओं को पूरा करना है।
इसके तहत परियोजना क्षेत्र के एक सीमित हिस्से को व्यावसायिक और आवासीय उपयोग के लिए विकसित किया जाएगा। इन संपत्तियों से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग पूरी परियोजना के वित्तपोषण के लिए किया जाएगा।
इस व्यवस्था से सरकार आधुनिक आवास, कार्यालय और सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कर पा रही है।
हजारों नए फ्लैट और कार्यालय स्थान होंगे तैयार
आपको बता दें इस पुनर्विकास योजना के तहत सरकारी कर्मचारियों के लिए 9,350 से अधिक आधुनिक फ्लैट बनाए जाएंगे। इसके अलावा लगभग 48 लाख वर्ग फुट का नया कार्यालय स्थान भी विकसित किया जाएगा।
इससे सरकारी विभागों के लिए आधुनिक कार्यस्थल उपलब्ध होंगे, जिससे प्रशासनिक कामकाज अधिक प्रभावी और व्यवस्थित हो सकेगा। साथ ही इन परियोजनाओं से आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
निष्कर्ष
दिल्ली में शुरू होने जा रही ये विशाल विकास परियोजनाएं राजधानी के शहरी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सरकारी आवास के निर्माण से लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
आने वाले वर्षों में इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, सरकारी कर्मचारियों को आधुनिक आवास मिलेंगे और शहर की बुनियादी सुविधाओं में भी महत्वपूर्ण सुधार देखने को मिलेगा।
