राहुल गांधी लंदन दौरे पर:- कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों एक निजी दौरे पर लंदन में हैं। पार्टी ने पुष्टि की है कि वे अपनी भतीजी मिराया वाड्रा के स्नातक समारोह में शामिल होने गए हैं। मिराया, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की बेटी हैं, जिन्होंने ब्रिटेन से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

राहुल गांधी के इस विदेश दौरे को लेकर भाजपा की ओर से सवाल उठाए गए थे। खासकर भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए पूछा कि “राहुल गांधी बार-बार विदेश क्यों जाते हैं?” उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “वह पिछले हफ्ते ही छुट्टियों पर विदेश गए थे और अब फिर कहीं बाहर चले गए हैं। विपक्ष के नेता होने के नाते उन्हें देश के लोगों को जवाब देना चाहिए।”
कांग्रेस का पलटवार: ‘गंदी चालें चल रहा है पीएमओ’
भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के संचार प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, “पीएमओ हमेशा की तरह गंदी चालें चल रहा है। राहुल गांधी अपनी भतीजी के ग्रेजुएशन समारोह में शरीक होने लंदन गए हैं। यह एक पारिवारिक यात्रा है, इसे राजनीतिक रंग देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
यह भी पड़े:- अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक | शामिल होंगे 4 राज्यों
अटकलों पर भी विराम
सोशल मीडिया पर इस यात्रा को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। कुछ पोस्ट में दावा किया गया कि राहुल गांधी बहरीन गए हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राहुल की फ्लाइट दिल्ली से बहरीन होते हुए लंदन गई थी, जिसका कारण सिर्फ ट्रांजिट था।
राहुल गांधी के इस पारिवारिक दौरे को लेकर जहां एक ओर सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे पूरी तरह निजी मामला बता रही है और भाजपा पर निजी जीवन में दखल देने का आरोप लगा रही है।