पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित जेजे कॉलोनी में 26 वर्षीय युवक तरुण कुमार की हत्या के बाद इलाके में पैदा हुए तनाव को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इस संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने इस गंभीर मामले में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।

जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिमी रेंज के जॉइंट पुलिस कमिश्नर विजय सिंगल से जनकपुरी स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने किया।
घटना के बाद बढ़ा तनाव
जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल द्वारा बताया गया कि युवक तरुण कुमार की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिससे वहाँ के स्थानीय लोगों में चिंता और असुरक्षा की भावनासाफ़ देखी जा रही है। संगठन का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को लेकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

जमीयत नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी नफरत भरे संदेश फैलाए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो सकती है। ऐसे मामलों में प्रशासन को तुरंत कार्रवाई कर माहौल को शांत बनाए रखना चाहिए।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेशों को रोकने की मांग
आपको बता दें जमीयत उलमा-ए-हिंद संगठन ने ज्ञापन में कहा कि राजधानी में सोशल मीडिया के जरिए नफरत फैलाने वाली सामग्री को सख्ती से रोकना बहुत जरूरी है। उनका मानना है कि इस तरह के संदेश समाज में वैमनस्य फैलाते हैं और शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें : उत्तम नगर: तरुण की हत्या के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, MCD ने आरोपी का घर तोड़ा
आपको बता दें प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले से संबंधित जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त को भी पत्र के माध्यम से भेजी है
पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना
जमीयत उलमा-ए-हिंद ने तरुण कुमार की मृत्यु को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। आपको बता दें संगठन ने हुए इस घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है ताकि सच्चाई सबके सामने खुलकर आ सके।
संगठन का कहना है कि यह घटना संभवतः दो पक्षों के बीच हुए विवाद का परिणाम हो सकती है, लेकिन कुछ लोग इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो समाज के लिए खतरनाक साबित भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें : Indore Accident: इंदौर में बेकाबू ट्रक ने मचाया कहर, एक की मौत, गुस्साई भीड़ ने वाहन में लगाई आग
तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल
ज्ञापन में घटना के बाद आरोपियों और उनके आसपास के घरों में तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया।
इसके साथ ही नगर निगम द्वारा की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए। संगठन का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार किसी भी कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया के तहत ही किया जाना चाहिए।
प्रशासन के सामने रखीं पांच प्रमुख मांगें
जमीयत उलमा-ए-हिंद ने प्रशासन से पांच अहम मांगें रखी हैं:

- नफरत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
- सोशल मीडिया पर भड़काऊ और अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत रोक लगाई जाए।
- जेजे कॉलोनी और आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
- तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
- रमजान और ईद-उल-फितर के दौरान मुस्लिम समुदाय के धार्मिक स्थलों और दुकानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें : रोहिणी में आरोपी अफताब पर हिन्दू सेना ने किया तलवार से जानलेवा हमला
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि इलाके में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही लोगों से भी अफवाहों से बचने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई है।
