Delhi Flood Update:- राजधानी दिल्ली में बाढ़ का संकट अभी टला नहीं है। यमुना नदी का जलस्तर शनिवार को पुराने रेलवे ब्रिज पर 206.47 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से अब भी ऊपर है। हालांकि पिछले दो दिनों में पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ है, लेकिन निचले इलाकों में हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं।

यमुना का जलस्तर घटा, लेकिन खतरे से ऊपर

पिछले 24 घंटों में यमुना के स्तर में 0.43 मीटर की गिरावट आई है। इसके बावजूद नदी का बहाव 205.33 मीटर के खतरे के निशान से लगभग 2 मीटर ऊपर बना हुआ है। इसी कारण पुराने रेलवे पुल पर ट्रेन संचालन पूरी तरह रोक दिया गया है। शुक्रवार को 27 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि 18 को दूसरे मार्गों पर डायवर्ट किया गया।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके

बाढ़ का असर मयूर विहार, यमुना बाजार, कश्मीरी गेट और निगमबोध घाट जैसे क्षेत्रों में सबसे अधिक दिख रहा है। इन इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों के घर और दुकानें प्रभावित हुई हैं। वहीं, यमुना खादर, चिल्ला, पुराना उस्मानपुर, गढ़ी मांडू और सोनिया विहार जैसे क्षेत्रों के किसान अपनी फसलें बर्बाद होते देख हताश हैं।

किसानों को भारी नुकसान

पानी भर जाने से सब्जियों की फसलें पूरी तरह डूब गई हैं। जिनमें बैंगन, भिंडी, लौकी, गाजर, टमाटर, मटर, आलू और प्याज जैसी प्रमुख फसलें शामिल हैं। किसान अब पानी के उतरने का इंतजार कर रहे हैं ताकि फिर से बुवाई शुरू की जा सके।

राहत और बचाव कार्य

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि सरकार लगातार बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रही है। राहत शिविरों में भोजन, पानी, दवाइयां और मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचेगी और हालात पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है।

यह भी पड़े:- पंजाब में बाढ़ का कहर: पठानकोट में पहाड़ दरकने से रास्ते बंद, लुधियाना में सेना ने संभाला मोर्चा, अब तक 43 की मौत

वहीं, मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और डिविजनल कमिश्नर के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक भी की और राहत कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।

विपक्ष का आरोप

आप पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने शास्त्री पार्क स्थित राहत शिविरों का दौरा किया और कैंपों में अव्यवस्था का आरोप भाजपा सरकार पर लगाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त भोजन, साफ पानी और मच्छरों से बचाव की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।